मैहर : मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। शहर के इंडियन कॉफी हाउस के सामने सड़क पार कर रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद चालक वाहन समेत मौके से तेजी से फरार हो गया।

रिश्तेदार के घर हरदुआ जा रहे थे रोहिणी प्रसाद
मृतक की पहचान मैहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पोड़ी गांव निवासी रोहिणी प्रसाद कुशवाहा (70) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रोहिणी प्रसाद अपने रिश्तेदार के घर हरदुआ गांव में आयोजित एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान जैसे ही वे हाईवे पार करने लगे, तभी अनियंत्रित गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर जुटी भीड़, CCTV खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मैहर कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के नाती प्रदीप कुशवाहा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हाईवे और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन और चालक की पतासाजी में जुटी है।










