सिंगरौली/भोपाल : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ‘मिस प्रिटी इंडिया 2024’ की विजेता निधि तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस की तफ्तीश अब निधि की जिंदगी के आखिरी कुछ घंटों की डिजिटल टाइमलाइन पर टिक गई है। घटना की रात एक युवक से हुई तीखी बातचीत, उसके ठीक बाद सोशल मीडिया पर लिखा गया भावुक पोस्ट और फिर कमरे में खुद को बंद कर फांसी लगाने के घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में पुलिस जुटी हुई है।

सोनू सिंह नाम के युवक से हुई थी बहस, फिर किया इमोशनल पोस्ट
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे निधि की सोनू सिंह नाम के युवक से फोन पर लंबी बातचीत हुई थी, जिस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। इसके तुरंत बाद निधि ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा— “इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर लिया… इसलिए कहा जाता है कि खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं।” पोस्ट करने के बाद जब परिजनों ने उन्हें खाना खाने के लिए बुलाया तो उन्होंने मना करते हुए अकेले रहने की बात कही और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
सोनू ने मां को फोन कर कहा- ‘निधि फांसी लगाने जा रही है’
घटनाक्रम के कुछ देर बाद सोनू सिंह ने निधि की मां को फोन कर सूचना दी कि निधि फांसी लगाने जा रही है। घबराए परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर निधि को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लाखों फॉलोअर्स थे, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और इंस्टाग्राम चैट खंगाल रही पुलिस
फेसबुक पर करीब 9.28 लाख और इंस्टाग्राम पर 7.12 लाख फॉलोअर्स रखने वाली निधि तिवारी डांस रील्स और वीडियो कंटेंट के लिए बेहद लोकप्रिय थीं। पुलिस ने निधि का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) व सोशल मीडिया एक्टिविटी की फॉरेंसिक जांच करा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत से पहले निधि किन-किन लोगों के संपर्क में थीं और सोनू सिंह के अलावा अन्य किन पहलुओं ने उन्हें यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर किया।










