सतना : सतना जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुदुआर में खेत की फेंसिंग में चालू बिजली का तार फैलाकर जंगली सूअर का शिकार करने का गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकार के आरोप में तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पका व उबला हुआ जंगली सूअर का मांस, काटने के औजार और वारदात में इस्तेमाल की गई करंट वाली तार जब्त की गई है।

सर्चिंग के दौरान घरों से मिला जंगली सूअर का मांस
मझगवां रेंजर रंजन सिंह परिहार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम को रविवार रात मुखबिर से दुदुआर गांव में अवैध शिकार की सटीक सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्धों के घरों पर औचक छापेमारी की। सर्चिंग के दौरान एक आरोपी के घर से पका हुआ और दूसरे के घर से उबला हुआ मांस बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी महगू कोल ने जंगली सूअर को फेंसिंग के करंट से मारकर उसका मांस आपस में बांटने और खाने का जुर्म स्वीकार कर लिया।
अधिया के खेत में बिछाया था करंट का जाल
रेंजर रंजन सिंह परिहार ने बताया कि आरोपी राजू पटेल ने सिन्टू पांडेय का खेत अधिया (बटाई) पर ले रखा है। फसल की सुरक्षा के बहाने राजू पटेल ने महगू कोल और लल्लू कोल के साथ मिलकर खेत की तार फेंसिंग में अवैध रूप से बिजली का करंट दौड़ा दिया था, जिसकी चपेट में आकर जंगली सूअर की मौत हो गई।
तीनों आरोपी पहुंचे उपजेल
वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों—महगू कोल, राजू पटेल और लल्लू कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। माननीय न्यायालय के आदेश पर तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।










