सतना/उचेहरा : सतना जिले के उचेहरा नगर में बरुआ नदी में बहे 47 वर्षीय अजय शुक्ला का शव हादसे के चौथे दिन मंगलवार को बरामद कर लिया गया है। 26 सितंबर की सुबह सन्यासी टोला घाट पर तैरने के दौरान अजय अचानक नदी के तेज बहाव में लापता हो गए थे। स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए दो दिवसीय संघन सर्च ऑपरेशन के बाद शव को हादसे वाली जगह से करीब 1 किलोमीटर दूर पुरानी पुलिया और संतोषी माता मंदिर के समीप पेड़ की जड़ों से बाहर निकाला गया।

दोस्त के साथ तैरने गए थे अजय, किनारे नहीं लौट सके
मृतक के बड़े भाई रजनीश शुक्ला से मिली जानकारी के अनुसार, उचेहरा निवासी अजय शुक्ला 26 सितंबर की सुबह अपने दोस्त राहुल ताम्रकार के साथ बरुआ नदी में नहाने और तैरने गए थे। राहुल तो तैरकर सुरक्षित किनारे आ गया, लेकिन अजय गहरे पानी के बहाव में फंसकर लापता हो गए। काफी देर तक तलाश और इंतजार करने के बाद जब अजय का कोई सुराग नहीं मिला, तो राहुल ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी।

SDRF टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, पुलिस जांच में जुटी
घटना की रात भर खोजबीन के बाद जब अजय का पता नहीं चला, तो अगले दिन परिजनों ने उचेहरा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और SDRF की रेस्क्यू टीम ने नदी में बोट और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की। लगातार दो दिनों के सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार को संतोषी माता मंदिर के पास झाड़ियों व पेड़ की जड़ों में अटका हुआ अजय का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।











