सतना/सिंहपुर: सतना जिले की सिंहपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के अवैध परिवहन व बिक्री के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए एक ऑटो से भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब जब्त कर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अभिषेक पाण्डेय उर्फ कल्लू (28 वर्ष) पड़ोसी जिले पन्ना के इटौरा का निवासी बताया जा रहा है।

नागौद-कालिंजर मार्ग पर महतैन खनगढ़ मोड़ के पास दबिश, 300 पाव शराब बरामद
थाना प्रभारी उप निरीक्षक विशन मरावी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नागौद-कालिंजर मार्ग पर महतैन खनगढ़ मोड़ के पास रणनीतिक घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे एक ऑटो को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो उसमें से 300 पाव (कुल 54 लीटर) अवैध देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 34 हजार 600 रुपये आंकी गई है।
कुल 2.44 लाख की संपत्ति जब्त; आरोपी को कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
पुलिस ने अवैध शराब के साथ-साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ऑटो (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) और आरोपी का 10 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी अभिषेक पाण्डेय को सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।










