सतना सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 की कृपालपुर पुरेनिहा बस्ती में शुक्रवार को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ महिलाओं का प्रचंड गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र में लंबे समय से धड़ल्ले से चल रही अवैध शराब की बिक्री से आक्रोशित दर्जनों महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आईं और किराना दुकान का घेराव कर दिया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और दुकान की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद प्रशासन ने दुकान को तत्काल बंद करा दिया।

किराना दुकान की आड़ में बिक रही थी शराब, पास में ही स्कूल और मंदिर
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी नामक व्यक्ति पिछले कई वर्षों से किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने का काला कारोबार चला रहा था। महिलाओं ने बताया कि दुकान के ठीक पास एचटीसी स्कूल है, जहां रोजाना मासूम बच्चे पढ़ने आते हैं। वहीं पास में ही स्थित अंबेडकर स्कूल के समीप काली मां का पवित्र मंदिर भी है। अवैध शराब की बिक्री के कारण वहां असामाजिक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा लगा रहता था, जो आए दिन नशे में गाली-गलौज और हुड़दंग करते थे। इससे राहगीर महिलाओं, बेटियों और बच्चों का निकलना दुभर हो गया था।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, आरोपी दुकानदार फरार
शुक्रवार को महिलाओं के उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित महिलाओं को शांत कराया और उनकी मौजूदगी में संदिग्ध किराना दुकान की सघन तलाशी ली। जांच में दुकान के भीतर से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस व प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी संचालक शिवकुमार मौका पाकर वहां से फरार हो गया।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस और आबकारी विभाग ने आरोपी शिवकुमार चौधरी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। कोलगवां थाना पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों और शराब की बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।










