सतना : सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत नईबस्ती में गुरुवार रात बेकाबू बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वार्ड क्रमांक-15 स्थित शराब दुकान के समीप हुई इस वारदात में हनुमान नगर निवासी रावेंद्र सिंह उर्फ छोटू (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने युवक की कमर और दोनों पैरों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। खून से लथपथ युवक को तुरंत इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

बाजार से लौटते समय घेरा, शराब के लिए मांगे पैसे
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रावेंद्र सिंह गुरुवार रात करीब 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नईबस्ती में शराब दुकान के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद चार-पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने रावेंद्र से शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग की। जब रावेंद्र ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और देखते ही देखते चाकू निकालकर हमला कर दिया।
तीन युवकों पर नामजद आरोप, पुलिस ने अस्पताल में दर्ज किए बयान
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश भी एक बड़ी वजह है। परिजनों ने रवि रैकवार, बाबू दाहिया और प्रतीक यादव पर जान से मारने की नीयत से योजनाबद्ध तरीके से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर रावेंद्र की जान बचाई और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वारदात की सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए।
संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
कोलगवां पुलिस ने परिजनों और घायल के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक टीम नामजद संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश और विवाद के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।









