रीवा/मनगवां : रीवा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मनगवां थाना क्षेत्र में अवैध गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ग्राम कुईयां खुर्द में तालाब की मेड़ पर बने मंदिर के पास से एक दंपती को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 936 ग्राम अवैध गांजा और गांजा बिक्री के 20 लाख 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्रीय नशा माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

तालाब किनारे बैग लेकर बैठे थे तस्कर; पुलिस को देखते ही मचा हड़कंप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि कुईयां खुर्द तालाब की मेड़ के पास एक महिला व पुरुष नीले रंग के बैग में अवैध गांजा लेकर किसी ग्राहक की प्रतीक्षा कर रहे हैं। एसडीओपी मनगवां मनस्वी शर्मा के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो दंपती पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा और महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली, जिसमें से गांजा और लाखों रुपये की नकदी बरामद हुई।
ओडिशा से लाते थे गांजा, छोटे पैकेट बनाकर सप्लाई का था काम; NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 56 वर्षीय द्वारिका पटेल और उनकी पत्नी 50 वर्षीय कलावती पटेल (निवासी ग्राम कुईया कला, थाना मनगवां) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दंपती लंबे समय से ओडिशा से गांजा लाकर रीवा-मनगवां अंचल में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचते थे। बरामद 20.80 लाख रुपये की रकम गांजा बेचकर ही जुटाए गए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 524/2026 धारा 8, 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश शुरू कर दी है। पूरी खबर यहां पढ़ें…










