कटनी/रीवा संभाग: कटनी शहर के बरगवां क्षेत्र स्थित स्पा सेंटरों में चल रहे अवैध देह व्यापार के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करारा प्रहार किया है। पुलिस की विशेष टीम ने ‘नेचुरल थाई’ और ‘आवा’ स्पा सेंटर पर अचानक छापेमारी कर आपत्तिजनक हालत में 10 युवतियों और 6 युवकों को धर दबोचा। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब और आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। मामले में सरगना समेत 7 मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

असम, मुंबई और हरियाणा से बुलाई जाती थीं युवतियां
पुलिस की प्राथमिक जांच में इस बात का बड़ा खुलासा हुआ है कि स्पा सेंटर में काम देने के बहाने अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। गिरोह के सरगना द्वारा युवतियों को मध्य प्रदेश के अन्य जिलों के अलावा असम, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, आगरा और मुंबई जैसे दूर-दराज के राज्यों और महानगरों से कटनी लाया गया था। बाहरी राज्यों की युवतियों को कटनी में रखकर स्पा की आड़ में देह व्यापार कराया जा रहा था।
दस्तावेजों और पहचान पत्रों की हो रही गहन जांच
छापेमारी के बाद पुलिस हिरासत में ली गई सभी युवतियों के पहचान पत्रों (आइडेंटी कार्ड), उनके स्थानीय व स्थायी पतों और स्पा सेंटर से जुड़े एग्रीमेंट/कॉन्ट्रैक्ट से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन युवतियों को किसी मजबूरी, मानव तस्करी (Human Trafficking) या झांसे में रखकर इस दलदल में धकेला गया था।
7 आरोपियों पर केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
कटनी पुलिस ने मामले में स्पा सेंटर के संचालकों, मैनेजरों और सरगना समेत 7 आरोपियों पर अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (PITA) के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस देह व्यापार रैकेट के तार अन्य बड़े शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी गहनता से विवेचना जारी है।










