मैहर : प्रसिद्ध मां शारदा देवी धाम मैहर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। मंदिर पहाड़ी पर संचालित रोपवे (Ropeway) के संचालन को अस्थायी रूप से बंद रखने की अवधि बढ़ा दी गई है। अब रोपवे सेवा आगामी 4 अक्टूबर 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगी। यदि सभी तकनीकी और रखरखाव संबंधी कार्य समय पर पूरे हो जाते हैं, तो 5 अक्टूबर 2026 से रोपवे का संचालन पुनः शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है।

खराब मौसम और RITES ऑडिट के कारण लिया गया फैसला
दामोदर रोपवेज एंड इंफ्रा लिमिटेड (DRIL) द्वारा मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति को भेजे गए पत्र (क्रमांक DRIL/MDM-105/26-27/487) के अनुसार, पूर्व में 21 सितंबर से 1 अक्टूबर तक रूटीन प्रिवेंटिव मेंटेनेंस (निवारक रखरखाव) कार्य तय किया गया था। हालांकि, पिछले दिनों क्षेत्र में हुई भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण मेंटेनेंस कार्य प्रभावित हुआ। इसके अलावा, वर्तमान में तकनीकी विशेषज्ञ संस्था RITES द्वारा रोपवे प्रणाली के सुरक्षा व तकनीकी पहलुओं का गहन निरीक्षण/ऑडिट किया जा रहा है, जिसके चलते कार्यों को पूरा करने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
प्रशासन ने यात्रियों से की सहयोग की अपील, सीढ़ी मार्ग रहेगा विकल्प
कंपनी के साइट प्रभारी ने मंदिर समिति के प्रशासक, मैहर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) और एसडीएम (SDM) को पत्र प्रेषित कर संशोधित शेड्यूल का संज्ञान लेने और मीडिया/सार्वजनिक सूचनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को सूचित करने का अनुरोध किया है, ताकि किसी को असुविधा न हो। प्रशासन ने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रोपवे बंद रहने की अवधि के दौरान सीढ़ी मार्ग या अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।











