मैहर/रामनगर: मैहर जिले के रामनगर नगरीय क्षेत्र में जंगली हाथी ‘E-5’ के अचानक प्रवेश कर जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बांधवगढ़ के जंगलों से भटककर आया यह नर हाथी गोरसरी, गैलहरी, भेड़रा और गोरहाई होते हुए सीधे रामनगर शहर की सीमा में दाखिल हो गया। हाथी को रामनगर स्थित पानी की टंकी के पास और फिर सीधे वार्ड नंबर 7 में घूमते देखा गया, जिससे स्थानीय रहवासियों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।

रामनगर शहर में दहशत का माहौल, घरों में दुबके लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विशालकाय हाथी E-5 को सुबह के समय शहर की मुख्य बसाहट और वार्ड नंबर 7 की गलियों में विचरण करते देखा गया। शहर के भीतर जंगली हाथी की मौजूदगी की खबर फैलते ही लोग डर के मारे अपने-अपने घरों के दरवाजे बंद कर अंदर दुबक गए। कुछ युवाओं ने दूर से हाथी की चहलकदमी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वन विभाग की टीम कर रही हाथियों के मूवमेंट की ट्रैकिंग
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम (Forest Department) और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अधिकारी और मैदानी अमला लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सचेत कर रहे हैं और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। वन अमला टॉर्च, ढोल-नगाड़ों और पटाखों के जरिए हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास में जुटा हुआ है।
प्रशासन की अपील: कौतूहल में न जाएं पास, न करें छेड़छाड़
वन मंडलाधिकारी और रामनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे हाथी को देखने के लिए भीड़ न लगाएं और न ही उस पर पत्थर फेंकने या सेल्फी लेने जैसी कोई गैर-जिम्मेदाराना हरकत करें। हाथी के उत्तेजित होने पर बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल वन विभाग की स्पेशल रेस्क्यू टीम E-5 के हर मूवमेंट पर पैनी नजर रखे हुए है।











