मैहर : मैहर जिले के परसोखा गांव में गुरुवार शाम एक बेहद हृदयविदारक हादसा घटित हो गया। घर के पास बने खुले सेप्टिक टैंक में अचानक गिर जाने से 4 वर्षीय मासूम बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान अंश चौधरी (4 वर्ष) के रूप में हुई है। इस असमय और दुखद हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पानी से भरे टैंक में गिरा मासूम, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैहर के वार्ड नंबर 23 परसोखा निवासी प्रकाश चौधरी का 4 वर्षीय बेटा अंश गुरुवार शाम अपने घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक पास ही बने पानी से लबालब खुले सेप्टिक टैंक में गिर गया। जब तक परिजनों की नजर पड़ी और बच्चे को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी हालत काफी बिगड़ चुकी थी। आनन-फानन में परिजन मासूम को लेकर मैहर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की शुरू, खुले टैंकों पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरचुरी में रखवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, खुले सेप्टिक टैंक से हुए इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और लापरवाही से छोड़े गए टैंकों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे की हर परिस्थिति की गहनता से जांच कर रही है।










