मैहर/अमरपाटन मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत लालपुर क्षेत्र में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा टल गया। सड़क पर अचानक आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई। इस टक्कर से इलाके में हड़कंप मच गया और जोरदार धमाके के साथ बिजली की सप्लाई ठप हो गई। हादसे में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

गोरी शंकर तालाब के पास हुआ हादसा, रीवा की तरफ से आ रही थी कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (MP19CC4954) रीवा की ओर से अमरपाटन की तरफ आ रही थी। जैसे ही वाहन ग्राम लालपुर में गोरी शंकर तालाब के पास पहुंचा, अचानक सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के फेर में चालक बादल सोनी कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रांसफार्मर से टकराते ही क्षेत्र की बिजली गुल हो गई।

डायल 112 और पुलिस मौके पर पहुंची, सिविल अस्पताल में हुआ इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल 112, अमरपाटन थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अमरपाटन थाने के एसआई मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने घायल चालक बादल सोनी को सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। बिजली विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।











