मैहर जिले के रामनगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामनगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक विशाल रक्तदान महादान शिविर का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्साह के साथ रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने का संकल्प लिया।

बीएमओ और जनप्रतिनिधियों ने खुद किया रक्तदान
रक्तदान शिविर के दौरान बीएमओ डॉ. आलोक अवधिया, अस्पताल प्रभारी डॉ. शिव प्रताप सिंह, डॉ. आनंद पटेल, डॉ. अनुराग पाठक, डॉ. शिवानी सोनी, लैब टेक्नीशियन रामनारायण बंजारा, सांसद प्रतिनिधि कालिका पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोरेलाल पटेल तथा भाजपा नेता मनीष शुक्ला समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने स्वयं रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया।

एक यूनिट रक्त बन सकता है किसी की जिंदगी की उम्मीद: डॉक्टर
स्वास्थ्य विभाग की समर्पित टीम ने शिविर में पहुंचे सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा कि आपके द्वारा दान किया गया एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज या दुर्घटना पीड़ित के लिए नई जिंदगी की उम्मीद बन सकता है। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना रहा।

अभियान नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी है रक्तदान
अस्पताल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में संदेश दिया कि ‘सेवा संकल्प’ केवल एक औपचारिक अभियान नहीं है, बल्कि यह संकट के समय में असहाय और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने की एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर सकारात्मक माहौल निर्मित हुआ है।












