
The Khabrilal News India : मैहर जिले की होनहार बेटी आराध्या द्विवेदी ने 69वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता (U-14) में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटने पर आराध्या का अमरपाटन में भव्य स्वागत किया गया।

Bhopal : मैहर जिले की होनहार बेटी आराध्या द्विवेदी ने 69वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता (U-14) में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटने पर आराध्या का अमरपाटन में भव्य स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने के बाद अमरपाटन एसडीएम डॉ. आरती सिंह ने आराध्या से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर तहसीलदार आर.डी. साकेत भी उपस्थित रहे। एसडीएम कार्यालय परिसर में आराध्या के स्वागत का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि आराध्या का चयन लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा घोषित मध्यप्रदेश हैंडबॉल टीम में हुआ था। प्रतियोगिता से पूर्व आराध्या ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, धार में आयोजित प्री-नेशनल कोचिंग कैंप में भी हिस्सा लिया, जहां उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस और मैच प्रैक्टिस कराई गई।
आराध्या, रामनगर के देवरामोलहाई निवासी अखिलेश द्विवेदी उर्फ सोनू की पुत्री हैं। उनकी माता निधि द्विवेदी ग्राम पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। आराध्या वर्तमान में अमरपाटन स्थित ‘द सेफ इंटरनेशनल स्कूल’ की छात्रा हैं।
विद्यालय स्तर पर भी आराध्या की इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल रहा। स्कूल परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनका स्वागत किया। बताया गया कि आराध्या का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया था।
खेल विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आराध्या भविष्य में भी राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती रहेंगी।


