सतना/नागौद : सतना जिले के नागौद कस्बा स्थित एक दुकान में घुसकर परिवार की महिलाओं और पुरुषों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ करने की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई नागौद थाना पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

रात में दुकान बंद करते समय किया जानलेवा हमला
नागौद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सियाबाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने बेटे रोहित, राहुल और बेटी सरस्वती के साथ दुकान बंद कर रही थीं। उसी दौरान आरोपी सचिन शुक्ला, तौफीक खान और सतीश बेलदार अपने अन्य साथियों के साथ अचानक दुकान के अंदर घुस आए। आरोपियों ने अकारण दुकान में रखे सामान की तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब पीड़िता और उसके बच्चों ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरों और शराब की खाली बोतलों से उन पर हमला कर दिया।
वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस, 2 दबोचे गए
बीच सड़क और दुकान के भीतर महिलाओं के साथ की गई इस गुंडागर्दी और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही नागौद थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनी ने टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को आरोपी सचिन शुक्ला (पिता लाल बहादुर, निवासी चंदकुइया) और तौफीक खान (पिता मो. इकबाल, निवासी गांधी चौक नागौद) को गिरफ्तार कर लिया।
बाकी आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस ने निकाला संदेश
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनी ने बताया कि घटना में शामिल सतीश बेलदार व उसके अन्य साथियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में एएसआई एसएल रावत, प्रधान आरक्षक महेंद्र साकेत, आरक्षक जमीलुद्दीन और शैलेंद्र गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।









