मैहर : मैहर जिले की अमरपाटन तहसील अंतर्गत खरमसेड़ा/बरतोना गांव में शासकीय कार्य में बाधा डालने और राजस्व अमले के साथ बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। मौके पर नक्शा तरमीम और पंचनामा तैयार करने पहुंचे पटवारी नीलेश त्रिपाठी के साथ कथित रूप से गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई है। इतना ही नहीं, असामाजिक तत्वों ने पटवारी के हाथ से सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सरकारी काम में महिला को आगे कर कराया हमला
अमरपाटन थाने में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के अनुसार, पटवारी नीलेश त्रिपाठी शासकीय आदेश के तहत राजस्व कार्यवाही पूरी करने गांव पहुंचे थे। आरोप है कि जब वे मौके पर पंचनामा और नक्शा तरमीम की कार्रवाई कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष ने एक महिला को आगे कर पटवारी के साथ विवाद शुरू कर दिया। महिला और उसके साथ मौजूद लोगों ने पटवारी के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें जान से मारने की सीधी धमकी दी।
सरकारी कागज छीने और फाड़े, जांच में जुटी पुलिस
पटवारी ने अपनी शिकायत में बताया कि मौके पर मौजूद आक्रोशित लोगों ने उनसे शासकीय राजस्व रिकॉर्ड और मौके पर तैयार किया जा रहा पंचनामा जबरन छीन लिया और उसे फाड़ दिया। इसके साथ ही पटवारी पर शारीरिक हमले का प्रयास भी किया गया। घटना के बाद पटवारी ने तुरंत अमरपाटन थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और वायरल वीडियो व साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।









