सतना/नागौद : सतना जिले के कारीगोही गांव में स्कूल के ठीक सामने स्थित एक किराना दुकान से धड़ल्ले से अवैध शराब बेचे जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने ‘मां दुर्गे स्व सहायता समूह’ की संचालिका ममता साकेत और उनके पति राजेश साकेत पर खुलेआम शराब बिक्री करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पूरी अवैध गतिविधि का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई की मांग जोर पकड़ने लगी है।

मध्यान्ह भोजन बनाने वाला समूह ही चला रहा अवैध शराब का धंधा!
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला जिस स्कूल परिसर में मध्यान्ह भोजन (Mid-Day Meal) का संचालन करती है, उसी स्कूल के ठीक सामने उनकी किराना दुकान स्थित है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब की खरीद-बिक्री की जा रही थी। एक जागरूक ग्रामीण ने चोरी-छिपे मोबाइल से दुकान से शराब बेचे जाने का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
यूपी से मिलावटी शराब लाकर झोलों में सप्लाय करने का दावा
स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि इसी परिवार की एक अन्य महिला द्वारा खुटहा टोला स्कूल के सामने स्थित अपने मकान से भी अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश (UP) से सस्ती और मिलावटी शराब लाकर झोलों व बैगों में भरकर ग्रामीण क्षेत्रों के अलग-अलग ठिकानों पर सप्लाई की जाती है। स्कूल के पास शराब बिक्री से बच्चों के भविष्य और वहां के माहौल पर बुरा असर पड़ रहा है।
जांच के बाद होगी आधिकारिक पुष्टि, पुलिस-आबकारी विभाग पर निगाहें
हालांकि, वायरल हो रहे वीडियो और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए इन गंभीर आरोपों की आधिकारिक स्तर पर पुष्टि होना बाकी है। स्थानीय प्रशासन, कोलगवां/नागौद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई और अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकेगा। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से जल्द से जल्द कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।










