सागर/बुंदेलखंड : सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। पैराडाइज होटल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने 28 वर्षीय युवक के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ 14 वार कर दिए। मात्र 16 सेकेंड में अंजाम दी गई इस नृशंस वारदात का रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

2020 में की थी अंतरजातीय शादी, साले ने रंजिश में ले ली जान
मृतक की पहचान मानस नगर निवासी अंकित पटेल (28), पिता रामलाल पटेल के रूप में हुई है। मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि हत्या की मुख्य वजह पुरानी पारिवारिक रंजिश है। अंकित पटेल ने वर्ष 2020 में आरोपी जय द्विवेदी की बहन से अंतरजातीय विवाह (Inter-caste Marriage) किया था। जय इस शादी से बेहद नाराज था और बहन की शादी कहीं और कराना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी।
कहासुनी के बाद निकाला रॉड, भीड़ के बीच किया हमला
रविवार को पैराडाइज होटल के पास अंकित और जय द्विवेदी का आमना-सामना हुआ, जहां पुरानी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ते ही जय ने लोहे की भारी रॉड निकाली और सीधे अंकित के सिर पर हमला कर दिया। 16 सेकेंड के फुटेज में आरोपी लगातार सिर पर वार करता नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक प्रत्यक्षदर्शी युवक ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पीछे से दबोचा और अलग किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से मकरोनिया क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल है। मकरोनिया थाना पुलिस ने घटना स्थल को सील कर सबूत जुटाए हैं और CCTV फुटेज को केस डायरी में शामिल कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जय द्विवेदी के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।










