मऊगंज: नवगठित मऊगंज जिला पुलिस (रीवा संभाग) को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मऊगंज थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में हुई 1 लाख 30 हजार रुपये की हाईटेक चोरी का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन शातिर आरोपियों को घेराबंदी कर दबोचा है और उनके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है।

भास्कर हाइलाइट्स: ट्रॉली पर रखी ज्वाइंटिंग मशीन और डाया ले उड़े थे चोर
- फरियादी ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट: दमोह जिले के रहने वाले नरेंद्र कुमार यादव वर्तमान में मऊगंज के दुबगवां दुबान में संचालित ‘नंदिनी कंस्ट्रक्शन कंपनी’ में कार्यरत हैं। उन्होंने 5 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जून की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी साइट पर खड़ी ट्रॉली से कीमती ज्वाइंटिंग मशीन, हाइड्रोलिक कंप्रेसर और डाया पार कर दिया है।
- बीएनएस (BNS) के तहत केस दर्ज: पीड़ित की शिकायत पर मऊगंज थाना पुलिस ने बिना देर किए अपराध क्रमांक 0/26, धारा 331(4) और 305 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी, सख्ती में उबला सच
मऊगंज पुलिस अधीक्षक (SP) सुरेन्द्र जैन के निर्देशन, एएसपी विक्रम सिंह और एसडीओपी (SDOP) सचि पाठक के कुशल मार्गदर्शन में मऊगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह ने फौरन एक विशेष टीम का गठन किया:
- संदेही चढ़े हत्थे: पुलिस टीम ने हाइवे और ग्रामीण इलाकों में अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया।
- ये हैं पकड़े गए आरोपी: पकड़े गए आरोपियों में अमित शुक्ला (29 वर्ष) निवासी दुबगवां दुबान, ओम प्रकाश द्विवेदी (30 वर्ष) निवासी दुबगवां दुबान (दोनों थाना मऊगंज) और अमन धर द्विवेदी (20 वर्ष) निवासी हटवा भूधर (थाना नईगढ़ी) शामिल हैं।
- कबूला जुर्म: जब पुलिस टीम ने तीनों संदेही युवकों से थाने लाकर मनोवैज्ञानिक और कड़ी पूछताछ की, तो वे ज्यादा देर तक झूठ नहीं टिक सके और उन्होंने 4 जून की रात कंस्ट्रक्शन साइट पर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
1.30 लाख का माल जब्त, कोर्ट के आदेश पर भेजे गए जेल
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके गुप्त ठिकानों पर दबिश देकर चोरी की गई ज्वाइंटिंग मशीन का 1 नग इलेक्ट्रॉनिक हीटर तवा और ज्वाइंटिंग मशीन के 40 नग कीमती डाया बरामद कर लिए हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत ₹1,30,000 आंकी गई है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 7 जून को तीनों आरोपियों को मऊगंज न्यायालय में पेश किया, जहां से माननीय अदालत के आदेश पर उन्हें केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।
इस जांबाज टीम की रही मुख्य भूमिका:
सफलतापूर्वक और रिकॉर्ड समय में इस चोरी का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक (ASI) इन्द्रेश पांडेय, प्रधान आरक्षक मनोज सेन, आरक्षक शिव दुबे, आरक्षक विवेक यादव, आरक्षक वीरभद्र प्रताप सिंह, आरक्षक पिकूंज राय, आरक्षक निलेश सिंह और महिला आरक्षक रेखा पांडेय की अत्यंत सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।







