मैहर: मैहर जिला गठन की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आगामी 5 अक्टूबर 2026 को ‘मैहर गौरव दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिले की समृद्ध संस्कृति, कला, खेलकूद और स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान करने के लिए तीन दिवसीय गौरव दिवस समारोह आयोजित हो रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में लगभग दो हजार से अधिक छात्राएं एक साथ कथक नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति देकर मैहर जिले का नाम ‘वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज कराने की भव्य तैयारी कर रही हैं।

सर्किट हाउस में विधायक, कलेक्टर और SP की मैराथन बैठक
गौरव दिवस समारोह की रूपरेखा और तैयारियों की समीक्षा के लिए मां शारदा मंदिर परिसर स्थित सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक (SP) अवधेश प्रताप सिंह की विशेष उपस्थिति में जिले के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने बताया कि गौरव दिवस का यह महोत्सव जिले के तीनों विकासखंडों— मैहर, अमरपाटन और रामनगर को जोड़ते हुए व्यापक और ऐतिहासिक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
2000 से अधिक छात्राओं का कथक नृत्य बनेगा आकर्षण का केंद्र
आयोजन का मुख्य आकर्षण लगभग 2,000 से अधिक छात्राओं द्वारा एक साथ किया जाने वाला सामूहिक कथक नृत्य होगा। संगीत और कला की नगरी मैहर के नाम यह एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का प्रयास है। इस विश्व रिकॉर्ड पहल को लेकर स्कूली छात्राओं और सांस्कृतिक दलों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। जिला प्रशासन ने इस मेगा इवेंट के लिए रिहर्सल और तकनीकी तैयारियों के निर्देश दिए हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद और प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
तीन दिवसीय गौरव दिवस समारोह में सांस्कृतिक नृत्य, गायन प्रतियोगिताएं, विभिन्न खेलकूद और प्रतिभा खोज कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। इसके साथ ही रंगोली, मेहंदी, पेंटिंग, आर्ट तथा सामान्य ज्ञान (जीके) प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस गौरव दिवस समारोह में जिले भर के पुरुष, महिला प्रतिभागियों के साथ-साथ दिव्यांगजन, स्कूली व गैर-स्कूली बच्चे भी बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।











