मैहर: मैहर जिले में बिजली चोरी और अवैध बिजली इस्तेमाल के खिलाफ विद्युत विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। मैहर संभाग के कार्यपालन अभियंता (EE) ओमेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित सभी वितरण केंद्रों के कनिष्ठ अभियंताओं (JE) की संयुक्त टीम ने मैहर ग्रामीण वितरण केंद्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में एक साथ दबिश दी। इस दौरान विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 38 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।

6 गांवों में एक साथ जांच, मौके पर बने 38 पंचनामे
विद्युत विभाग की टीम ने ग्राम उदयपुर, सोनवारी, हरदासपुर, सरलानगर, ओईला और जीतनगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान डायरेक्ट कटिया फंसाकर, मीटर से छेड़छाड़ कर और अवैध कनेक्शन चलाकर बिजली चोरी करते पाए जाने पर विभाग ने सख्त कदम उठाए। कार्रवाई के दौरान विद्युत अधिनियम की धारा 126 (गैर-स्वीकृत उपयोग) के 2 प्रकरण, धारा 135 (बिजली चोरी) के 30 प्रकरण और धारा 138 (अवैध पुनर्निमाण/कनेक्शन जोड़ना) के 6 प्रकरण मौके पर ही दर्ज किए गए।
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से कटियाबाजों में हड़कंप
इस बड़े अभियान में सहायक अभियंता सुश्री दीक्षा चौबे और शाह आलम के साथ कनिष्ठ अभियंता शिव नारायण त्रिपाठी, विवेकानंद द्विवेदी, बी.के. सुमन तथा अनुराग पांडेय ने मुख्य भूमिका निभाई। विद्युत अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के कारण ईमानदार उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या झेलनी पड़ती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बिजली चोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।











