देवास जिले के बागली-चापड़ा मार्ग पर रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती हाई-वोल्टेज ड्रामा करते हुए करीब 150 फीट से भी ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती का आरोप था कि उसने प्रेम विवाह (कोर्ट मैरिज) किया है, लेकिन परिवार वाले उसे पति के साथ नहीं रहने दे रहे हैं। उसने धमकी दी कि यदि उसे पति के साथ रहने का अधिकार नहीं मिला, तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी।

2 घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, टावर से नीचे फेंकी 7-8 चिट्ठियां
टावर पर चढ़ी युवती करीब दो घंटे तक ऊपर ही डटी रही। इस दौरान उसने अपनी आपबीती और मांगें लिखकर 7 से 8 चिट्ठियां नीचे फेंकी:
-
चिट्ठी में लिखा दर्द: युवती ने चिट्ठियों में लिखा कि उसने अपनी पसंद के युवक से प्यार किया और उससे कोर्ट मैरिज की है। लेकिन उसके परिजन इस शादी को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और उसे घर से निकाल दिया है।
-
पति को बुलाने की मांग: युवती ने चिट्ठी में अपने पति का नाम लिखते हुए उसे तुरंत मौके पर बुलाने की मांग की और कहा कि वह हर हाल में अपने पति के साथ रहना चाहती है।
पुलिस ने पति को बुलाया, विधायक ने माइक से दी समझाइश
घटना की सूचना मिलते ही बागली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
-
पति को मौके पर बुलाया: पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस युवक को मौके पर बुलाया, जिससे युवती ने कोर्ट मैरिज करने का दावा किया था।
-
विधायक मुरली भंवरा पहुंचे: मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय बागली विधायक मुरली भंवरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने माइक हाथ में लेकर युवती से बात की और उसे आश्वस्त किया कि युवक और उसके पिता को बुला लिया गया है तथा उसकी समस्या का कानूनी व सामाजिक हल निकाला जाएगा।
समझाइश के बाद सुरक्षित उतरी युवती
पति और उसके परिजनों के मौके पर पहुंचने तथा विधायक व पुलिस की समझाइश के बाद युवती का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आई। टावर से उतरते ही पुलिस उसे सुरक्षा के बीच थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, युवक ग्राम सेवन्याखुर्द का निवासी है, जबकि युवती ग्राम डोकाकुई की रहने वाली है।










