भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित आईएसबीटी (ISBT) बस स्टैंड पर रविवार शाम वर्मा ट्रेवल्स की खड़ी बसों में अचानक भीषण आग लग गइ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एक बस से हुई थी, जिसकी लपटें तेजी से आसपास खड़ी अन्य बसों तक फैल गईं। इस दर्दनाक हादसे में वर्मा ट्रेवल्स की करीब 8 बसें जलकर पूरी तरह खाक हो गई हैं। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह घटना हुई, बसें खाली खड़ी थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

दमकल की 10-15 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, आसपास खड़े थे ऑयल टैंकर
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल और बस संचालक दीपक वर्मा के अनुसार, दमकल की करीब 10 से 15 गाड़ियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि जहां बसें खड़ी थीं, उसके आसपास ऑयल टैंकर भी मौजूद थे, यदि समय रहते आग पर नियंत्रण न पाया जाता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के कारण आईएसबीटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

4 से 5 करोड़ का नुकसान, बालाघाट-सिवनी-इंदौर समेत कई रूटों की बसें जलीं
वर्मा ट्रेवल्स के मालिक दीपक वर्मा ने बताया कि इस अग्निकांड में लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने वाली बसें नागपुर, अहमदाबाद, सूरत, बालाघाट, सिवनी और इंदौर आदि रूटों पर संचालित होने वाली थीं। घटना के बाद इन सभी रूटों पर जाने वाली बसों की ट्रिप और यात्रियों की बुकिंग्स कैंसिल कर दी गई हैं। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस-प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।














