मैहर/बदेरा : मैहर जिले की बदेरा थाना पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी के अपहरण और दैहिक शोषण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उमरिया जिले के रोहनिया गांव का रहने वाला है, जिसे पुलिस ने रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

29 सितंबर को हुई थी लापता, पूछताछ में सामने आया दैहिक शोषण का सच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 29 सितंबर को एक नाबालिग अचानक लापता हो गई थी, जिसके परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस ने दबिश देकर किशोरी को दस्तयाब किया। पीड़िता ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान उसकी पहचान करण सिंह चौहान (20 वर्ष, पिता नृपेन्द्र सिंह) से हुई थी। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और एक कमरे में रखकर लगातार उसका दैहिक शोषण किया। पुलिस का बढ़ता दबाव देख आरोपी किशोरी को छोड़कर फरार हो गया था।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, मुखबिर की सूचना पर धरा गया आरोपी
पीड़िता के बतौैर और कथनों के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म (रेप) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराएं जोड़ीं। रविवार सुबह मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद बदेरा पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी करण सिंह चौहान को दबोच लिया। शाम को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।











