मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरगौती गांव में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र पर संदेह और फोन पर किसी अन्य युवक से बातचीत करने के शक में पति ने अपनी ही पत्नी काजल साकेत पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में आरोपी पति और सास उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान काजल की मौत हो गई। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ‘चरित्र संदेह’ के दावे को खारिज करते हुए इसे कार की मांग पूरी न होने पर की गई ‘दहेज हत्या’ करार दिया है।

शनिवार को ही हैदराबाद से लौटा था पति, फोन पर बातचीत से था खफा
जानकारी के अनुसार, काजल साकेत (निवासी मझगवां) की शादी 18 अप्रैल 2025 को मिरगौती निवासी राजेंद्र साकेत से हुई थी। राजेंद्र हैदराबाद में रहकर नौकरी करता है और शनिवार को ही वह छुट्टी पर गांव लौटा था। इत्तेफाक से काजल भी शनिवार को ही अपनी मां अनूपा साकेत के साथ मायके से ससुराल मिरगौती लौटी थी।
आरोपी पति राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि काजल फोन पर किसी अन्य युवक से बात करती थी, जिस पर वह पहले भी आपत्ति जता चुका था। शनिवार शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद राजेंद्र ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से काजल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
वारदात के बाद सास और पति ही लेकर पहुंचे अस्पताल
हमले के बाद काजल गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद राजेंद्र की मां (काजल की सास) घर पहुंची। वारदात के बाद घबराए आरोपी पति और सास दोनों काजल को इलाज के लिए रीवा स्थित संजय गांधी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (SGMH) लेकर भागे, लेकिन तब तक काफी खून बह चुका था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता के गंभीर आरोप: ‘हत्या के बाद फोन कर गालियां दीं, कार मांग रहे थे’
मृतका काजल के पिता जितेंद्र साकेत ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं:
-
दहेज की मांग: उन्होंने बताया कि शादी में हैसियत के मुताबिक मोटरसाइकिल और घर का अन्य सामान दिया गया था, लेकिन ससुराल वाले लगातार पैसों और अब एक कार की मांग कर रहे थे।
-
हत्या के बाद फोन: पिता का आरोप है कि काजल पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी राजेंद्र ने उन्हें फोन किया और भद्दी-भद्दी गालियां भी दीं।
पुलिस जांच: चरित्र संदेह और दहेज, दोनों एंगल पर तफ्तीश शुरू
रामनगर थाना पुलिस ने अस्पताल से मिली सूचना के बाद मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल, पति द्वारा बताए गए चरित्र संदेह के बिंदु और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना व कार की मांग के आरोपों—दोनों एंगल से मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।










