सतना : मध्य प्रदेश के सतना शहर में आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर एक अप्रिय घटना सामने आई है। शहर के प्रसिद्ध बिरला रोड स्थित संतोषी माता तालाब परिसर में सोमवार सुबह छठ पूजा के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर परिसर में ही दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान वहां मौजूद परिजन और अन्य श्रद्धालु बीच-बचाव करते नजर आए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पूजा स्थल पर मची अफरा-तफरी, अब तक थाने में नहीं हुई शिकायत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह छठ पूजा के पावन अनुष्ठान के दौरान मंदिर और तालाब परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और आम नागरिक मौजूद थे। इसी भीड़ के बीच कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। सरेआम मंदिर परिसर में हुई इस मारपीट से वहां हड़कंप मच गया। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोलगवां थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी ली जा रही है, और जैसे ही किसी पक्ष से शिकायत मिलती है, नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










