उमरिया/चंदिया: उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में रिश्ते को तार-तार कर देने वाला एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक भांजे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपनी ही मामी के घर से करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए। चोरी के पैसों से आरोपी भांजे ने अपने लिए आईफोन और साथी के लिए नया मोबाइल खरीदा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भांजे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से आईफोन, वीवो मोबाइल, एक पल्सर बाइक और 13 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

मामी की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
मामला चंदिया के वार्ड नंबर 13 का है, जहां की निवासी संध्या शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संदेह के आधार पर पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस को घर के ही भांजे आदर्श शर्मा उर्फ अंशू पर संदेह हुआ। पुलिस ने जब कड़ाई से आदर्श शर्मा और उसके साथी रामानंद सिंह उर्फ छोटू व संतोष कोल से पूछताछ की, तो तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी किए गए सोने के जेवरों को जबलपुर ले जाकर बेच दिया था।
आईफोन, पल्सर बाइक और कैश बरामद
चोरी के सामान से मिले पैसों से आरोपियों ने एक महंगा आईफोन और एक वीवो कंपनी का नया स्मार्टफोन खरीद लिया। इसके अलावा उन्होंने पल्सर बाइक भी खरीदी और बचे हुए पैसों में से 13 हजार रुपये नकद रखे थे। मामले का खुलासा करते हुए एसडीओपी पीएस परस्ते ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से दोनों मोबाइल, पल्सर बाइक और नकदी बरामद कर ली है। जेवर खरीदने वाले की पहचान के लिए जबलपुर में आगे की कार्रवाई की जा रही है।










