मैहर/रामनगर : मैहर जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख जारी है। ताजा मामले में कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन पर रामनगर विकासखंड अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र ‘रामनगर-01’ की कार्यकर्ता श्रीमती राजकुमारी मिश्रा को तत्काल प्रभाव से पद से पृथक (बर्खास्त) कर दिया गया है। केंद्र के संचालन में गंभीर अनियमितताओं, कुपोषित बच्चों की अनदेखी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार के आरोप सिद्ध होने के बाद यह बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।

पोषण ट्रैकर में लापरवाही से लेकर कुपोषित बच्चों की अनदेखी तक के गंभीर आरोप
प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजकुमारी मिश्रा के विरुद्ध कार्य के प्रति गंभीर उदासीनता की शिकायतें मिली थीं। जांच में पाया गया कि वे बिना किसी पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश के केंद्र से अनुपस्थित रहती थीं। इसके अतिरिक्त, शासन की महत्वपूर्ण डिजिटल व्यवस्था ‘पोषण ट्रैकर एप’ (Poshan Tracker App) में नियमित जानकारी दर्ज न करने, आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन में अनियमितता बरतने और गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती न कराने जैसे गंभीर आरोप भी शामिल थे।
कारण बताओ नोटिस का जवाब असंतोषजनक, 7 दिन में अपील का विकल्प
विभागीय दिशा-निर्देशों की लगातार अवहेलना करने पर संबंधित कार्यकर्ता को ‘कारण बताओ सूचना पत्र’ (Show Cause Notice) जारी किया गया था। हालांकि, उनके द्वारा प्रस्तुत किया गया स्पष्टीकरण प्रशासन ने पूरी तरह असंतोषजनक पाया। इसके साथ ही, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने को भी इस बर्खास्तगी का मुख्य आधार बनाया गया है। जारी आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। नियमानुसार, संबंधित कार्यकर्ता इस आदेश के विरुद्ध 7 दिवस के भीतर प्रथम अपील जिला कलेक्टर मैहर के समक्ष तथा द्वितीय अपील संभागीय आयुक्त (राजस्व), रीवा संभाग के समक्ष प्रस्तुत कर सकती हैं।










