मैहर: सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के तमाम दावों के बीच मैहर जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय घुनवारा से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। स्कूल परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विद्यालय की मासूम छात्राएं पढ़ाई छोड़कर स्कूल के शौचालय की सफाई करती हुई दिखाई दे रही हैं। जिन हाथों में कलम और किताबें होनी चाहिए, उनमें वाइपर और पानी की बाल्टी देखकर अभिभावकों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश है।

वायरल वीडियो में वाइपर से फर्श साफ करती दिखीं छात्राएं, प्रबंधन पर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विद्यालय की एक छात्रा हाथ में वाइपर लेकर शौचालय का फर्श साफ कर रही है, जबकि दूसरी छात्रा वहां पानी डालकर सफाई करने में जुटी हुई है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या स्कूल में सफाई कर्मचारियों की कोई व्यवस्था नहीं है या फिर स्कूल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़कर मासूम बच्चियों से इस तरह के काम करवा रहा है?

जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने लिया संज्ञान, जांच के दिए निर्देश
मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) सलोनी शर्मा ने इस पूरे प्रकरण को बेहद गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक को ‘कारण बताओ नोटिस’ (Show Cause Notice) जारी कर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश भी दिए गए हैं। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जिसके भी निर्देश पर छात्राओं से शौचालय की सफाई कराई गई होगी, उस जिम्मेदार के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।











