मैहर/विंध्य : मां शारदा की पावन नगरी मैहर में आयोजित 52वें विश्व प्रसिद्ध ‘उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला समारोह’ का आयोजन संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। इस प्रतिष्ठित समारोह की दूसरी शाम शास्त्रीय संगीत, लोक धुनों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के नाम रही। खेल मैदान में सजी इस सांस्कृतिक महफिल की शुरुआत मैहर वाद्यवृंद की शानदार प्रस्तुति से हुई, जहां 108 साल पुराने दुर्लभ ‘नलतरंग’ पर जब ‘यशोमती मैया से बोले नंदलाला’ भजन की धुन गूंजी, तो पूरा पंडाल भक्तिमय और संगीत के रंगों में सराबोर हो गया।

पद्मश्री कलाकारों की जुगलबंदी और विदुषी दिव्या शर्मा के गायन ने मोहा मन
मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा आयोजित इस समारोह में कोलकाता के पंडित प्रशांतजीत पोतदार के निर्देशन में वृंद वादन पेश किया गया। इसमें देश के शीर्षस्थ कलाकारों—पद्मश्री येल्ला वेंकटेश्वर राव (मृदंग), पद्मश्री तरुण भट्टाचार्य (संतूर) और पद्मश्री रोनू मजूमदार (बांसुरी)—ने अपनी कला का अद्भुत जादू बिखेरा। इसके बाद जयपुर की विदुषी दिव्या शर्मा ने ‘चलो वृंदावन की ओर’ जैसे सुरीले गीतों के साथ शास्त्रीय गायन की बेहतरीन प्रस्तुति दी। वहीं, दिल्ली की डॉ. अतसी मिश्रा और उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत ओडिसी नृत्य ने दर्शकों की जमकर वाहवाही बटोरी।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
मैहर की गौरवशाली संगीत परंपरा को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय कला से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस भव्य समारोह में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, अपर कलेक्टर रोशन राय सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में दूर-दूर से पहुंचे संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।












