सतना: पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली चोरी करने वालों और बकाया बिल के बावजूद अवैध रूप से दोबारा कनेक्शन जोड़कर बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार को सतना ऑपरेशन डिविजन के जैतवारा और रामपुर बघेलान वितरण केंद्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। इस दौरान घर-घर जांच करते हुए टीम ने कुल 143 कटियाबाजों और नियम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत पंचनामा तैयार किया है।

जैतवारा में 104 प्रकरण दर्ज, दर्जनों कनेक्शन कटे
जैतवारा वितरण केंद्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई लोग सीधे एलटी लाइन में कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे। वहीं कई ऐसे डिफाल्टर भी पकड़े गए, जिनके कनेक्शन बकाया बिल के कारण पहले काटे जा चुके थे लेकिन उन्होंने अवैध रूप से दोबारा कटिया लगा ली थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए विद्युत अधिनियम की धारा 135 (सीधी बिजली चोरी) के तहत 41 और धारा 138 (कटे कनेक्शन को अवैध रूप से जोड़ना) के तहत 61 प्रकरणों समेत कुल 104 पंचनामा तैयार किए हैं। ये सभी मामले विशेष विद्युत न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

रामपुर बघेलान के 15 गांवों में पहुंची टीम, 39 पर कार्रवाई
उधर रामपुर बघेलान संभाग के माध्यम वितरण क्षेत्र में जेई शरद तिवारी के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम ने सिजहा, बहेरा, कटिया और बैरिया समेत 15 गांवों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बिजली कंपनी की इस अचानक छापेमारी से लंबे समय से बिल जमा न करने वाले और कटिया फंसाकर बिजली जलाने वालों में हड़कंप मच गया। टीम ने रामपुर बघेलान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से धारा 135 और 138 के तहत कुल 39 प्रकरण दर्ज किए हैं।
कनेक्शन कटने के बाद अवैध रूप से जोड़ने वालों को चेतावनी
बिजली कंपनी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल सीधी चोरी ही नहीं, बल्कि बकाया बिल के कारण कटे कनेक्शन को बिना अनुमति दोबारा जोड़ना भी गंभीर कानूनी अपराध है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करें और अपने बकाया बिलों का तुरंत भुगतान कर नियमानुसार ही अपना बिजली कनेक्शन बहाल कराएं, अन्यथा सख्त अदालती कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।










