मैहर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मैहर जिले में विभिन्न सामाजिक व शैक्षणिक कार्यक्रमों की धूम रही। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत शहर के ऐतिहासिक बावली परिसर, स्टेडियम और सिविल अस्पताल में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने और नगर पालिका सीएमओ प्रिंस अग्रवाल सहित प्रबुद्ध नागरिकों ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की और शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

सफाई मित्रों का सम्मान और नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता अभियान के दौरान शहर को साफ-सुथरा रखने में दिन-रात योगदान देने वाले सफाई मित्रों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजनों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्कीकरण तथा स्वच्छता के महत्व को समझाया। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से मैहर को स्वच्छता के मामले में अव्वल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

गांधीजी के जीवन पर क्विज प्रतियोगिता, दो शिफ्टों में 2500 से ज्यादा परीक्षार्थी हुए शामिल
दूसरी ओर, गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जिला कांग्रेस सेवा दल द्वारा महात्मा गांधी के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित एक भव्य क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजक अरुण तनय मिश्रा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई ने बताया कि प्रतियोगिता में 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं व युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए परीक्षा दो अलग-अलग शिफ्टों में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को एलईडी टीवी, साइकिल, स्मार्ट मोबाइल और स्मार्ट वॉच जैसे आकर्षक पुरस्कारों से पुरस्कृत किया जाएगा।















