भोपाल : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के जवाहर चौक स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन पहुंचकर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं चरखा काता, सूत काटने वाली पॉवरलूम मशीन चलाई और खादी वस्त्रों की खरीदारी कर स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। उन्होंने विजिटर्स बुक में अपना संदेश अंकित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और शास्त्री जी के विचार एवं मार्गदर्शन आज भी हम सभी के जीवन का मूल आधार हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ से साकार हो रहा गांधी जी का स्वदेशी का सपना
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूज्य बापू ने अपनी पूरी जिंदगी देश और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ की भावना के साथ स्वदेशी को अपनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएम ने शास्त्री जी की सादगी व राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि 1965 के युद्ध के दौरान उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे से देश का मनोबल बढ़ाया था।

कैप्टन स्मित मछार के शौर्य को नमन, अमित शाह के दौरे और प्रदेश की उपलब्धियों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने इजरायल के यात्री विमान में सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मछार के अदम्य साहस की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने भोपाल पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह के कुशल मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश पूरी तरह से ‘नक्सलमुक्त’ हो चुका है और अब राज्य नशामुक्ति की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने प्रदेश में सोयाबीन पंजीयन शुरू होने और किसानों को भावांतर योजना का लाभ देने की प्रतिबद्धता दोहराई।











