मैहर : मैहर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा मंदिर की पहाड़ी पर एक बार फिर तेंदुए की धमक से हड़कंप मच गया है। बुधवार रात तेंदुआ मंदिर के सीढ़ी मार्ग के बिल्कुल करीब तक पहुंच गया, जिसका एक खौफनाक वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तेंदुए को श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मुख्य मार्ग के इतने पास देखकर मंदिर परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया।

सुरक्षा जाली बनी ढाल, टला बड़ा हादसा
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि तेंदुआ शिकार की तलाश में एक आवारा कुत्ते का पीछा करते हुए सीढ़ियों तक आ पहुंचा। जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय सीढ़ी मार्ग से होकर कई श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन के लिए आ-जा रहे थे। गनीमत यह रही कि सीढ़ी मार्ग के दोनों ओर मजबूत लोहे की सुरक्षा जाली लगी हुई थी, जिसके कारण तेंदुआ श्रद्धालुओं तक नहीं पहुंच सका और एक बड़ा हादसा टल गया। सीढ़ियों के आसपास कुछ देर मंडराने के बाद तेंदुआ वापस पहाड़ी के घने जंगलों की ओर लौट गया।
लगातार मौजूदगी से दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
गौरतलब है कि मां शारदा मंदिर की त्रिकूट पर्वत श्रृंखलाओं और आसपास के जंगलों में पिछले कई महीनों से लगातार तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही है। बुधवार रात हुई इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है। श्रद्धालुओं ने वन विभाग और मंदिर प्रबंध समिति से परिसर में गश्त बढ़ाने, प्रकाश की उचित व्यवस्था करने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।










