सतना/मैहर : मैहर और सतना जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। संचालनालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं द्वारा दोनों जिलों के अस्पतालों के लिए 134 बॉन्डेड डॉक्टरों की पदस्थापना की गई है। इन चिकित्सकों को जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) स्तर पर तैनात किया गया है। 14 सितंबर से अब तक 77 बॉन्डेड डॉक्टर अपनी सेवाएं देने के लिए जॉइन कर चुके हैं।

25 सितंबर तक अंतिम मौका, CMHO ने दी जानकारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि पदस्थापना आदेश जारी होने के साथ ही डॉक्टरों की जॉइनिंग प्रक्रिया तेजी से जारी है। विभाग ने सभी बॉन्डेड डॉक्टरों के लिए कार्यभार ग्रहण करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की है। उम्मीद जताई जा रही है कि तय समय-सीमा के भीतर शेष डॉक्टर भी अपने संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में पदभार संभाल लेंगे। अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थाओं में डॉक्टरों की तैनाती से लंबे समय से चिकित्सकों की कमी झेल रहे ग्रामीण व शहरी अस्पतालों को बड़ी राहत मिलेगी।
1, 2 और 5 साल का रहेगा बॉन्ड, स्थानीय स्तर पर मिलेगा बेहतर इलाज
जानकारी के अनुसार, इन नवपदस्थ डॉक्टरों की सेवा अवधि का बॉन्ड 1 वर्ष, 2 वर्ष और 5 वर्ष की अवधि के लिए तय किया गया है। इससे विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ अंचल के स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की स्थाई उपलब्धता बनी रहेगी। CMHO डॉ. मनोज शुक्ला के मुताबिक, इस कदम से जिले की संपूर्ण स्वास्थ्य प्रणाली मजबूत होगी। जिन प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक भी डॉक्टर नहीं थे, वहां अब नियमित रूप से चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों या दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।









