सतना : सतना जिले के सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत तिघरा मोड़ पर बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक लहराते हुए आए एक शराबी युवक को बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने जैसे ही आपातकालीन ब्रेक लगाया, पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ऑटो सीधे ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसके चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्लाई लोड कर मैहर जा रहा था ऑटो चालक
मृतक की पहचान नजीराबाद (सतना) निवासी 30 वर्षीय अकरम खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अकरम अपने ऑटो (क्रमांक MP 19 R 2484) में प्लाईवुड लोड करके सतना से मैहर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह तिघरा मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने चल रहे ट्रक के चालक ने सड़क पर अनियंत्रित होकर चल रहे शराबी को बचाने के लिए अचानक ब्रेक दबा दिया। अकरम को संभलने का मौका नहीं मिला और ऑटो सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा।

सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हुई खौफनाक वारदात
हादसे का एक खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर एक युवक शराब के नशे में झूमता हुआ अचानक ट्रक के सामने आ गया। उसे बचाने के लिए ट्रक चालक ने अचानक गाड़़ी रोकी, जिससे पीछे आ रहा ऑटो टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और ऑटो चालक अकरम छिटककर सड़क पर गिर पड़ा।

पुलिस ने शुरू की जांच, फरार ट्रक चालक की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने अकरम के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को आधार बनाकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।











