सतना/रामपुर बाघेलान : सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत ककलपुर गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां प्रभात स्टोन क्रेशर की एक खुली और पानी से भरी खदान में 13 साल के किशोर के डूबने की खबर से हड़कंप मच गया। लापता किशोर की पहचान ककलपुर निवासी लल्लू उर्फ अखिलेश साहू, पिता चंद्रभान साहू के रूप में हुई है। बुधवार सुबह से ही एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम खदान में बालक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

सामान लेने निकला था मासूम, खदान के पास मिली चप्पल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय अखिलेश मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपनी साइकिल से बाजार से कुछ सामान लेने घर से निकला था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश करते हुए परिजन जब क्रेशर खदान के पास पहुंचे, तो वहां बाउंड्री से सटी उसकी साइकिल और सामान पड़ा मिला। इसके साथ ही खदान के गहरे पानी में उसकी चप्पलें तैरती दिखाई दीं। इसके बाद परिजनों ने आशंका जताई कि बच्चा अनियंत्रित होकर खदान के गहरे पानी में समा गया है।

रात में अंधेरे के कारण रुका रेस्क्यू, सुबह पहुंची SDRF
घटना की सूचना मिलते ही बेला चौकी और रामपुर बाघेलान थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, रात में काफी अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। इसके बाद बुधवार सुबह तड़के SDRF की गोताखोर टीम बोट और विशेष उपकरणों के साथ खदान पर पहुंची और पानी में बालक की तलाश शुरू की। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान लगातार जारी था।
ग्रामीणों ने सुरक्षा पर उठाए गंभीर सवाल; पहले भी हो चुकी हैं मौतें
इस घटना के बाद ककलपुर के ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने स्टोन क्रेशर प्रबंधन और प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान बिना पर्याप्त सुरक्षा फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड के खुली छोड़ी गई है। ग्रामीणों ने यह भी खुलासा किया कि इसी क्रेशर खदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण पहले भी दो लोगों की डूबने से जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई सबक नहीं लिया गया।










