मैहर जिले के स्कूल शिक्षा विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में एक बार फिर परचम लहराया है। सीएम हेल्पलाइन (CM Helpline) में दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्वक निराकरण के मामले में मैहर जिले के स्कूल शिक्षा विभाग ने पूरे मध्य प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

अगस्त माह की ग्रेडिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रदेश सरकार द्वारा जारी अगस्त माह की विभागीय रैंकिंग और ग्रेडिंग में मैहर जिले के विभिन्न विभागों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसमें स्कूल शिक्षा विभाग ने आम जनता और अभिभावकों की समस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान कर ए-ग्रेड के साथ सर्वोच्च स्थान हासिल किया।
जुलाई के बाद अगस्त में भी बरकरार रखी बादशाहत
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि जुलाई 2026 की विभागीय रैंकिंग में भी मैहर जिले का स्कूल शिक्षा विभाग सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था। लगातार दूसरे महीने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करना विभागीय अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों के समर्पण व टीम वर्क को दर्शाता है।
त्वरित और संतुष्टिपूर्ण समाधान पर रहा फोकस
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों को केवल कागजों पर बंद करने के बजाय उनके जमीनी और गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर दिया गया। आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को दूर किया गया, जिससे शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक बंद होना संभव हो सका। लगातार दो बार मिली इस उपलब्धि से जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।









