मैहर/रामनगर: मैहर जिले में मंगलवार को त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। रामनगर जनपद पंचायत के वार्ड क्रमांक 07 (जनपद सदस्य) और बराखुर्द ग्राम पंचायत (सरपंच पद) के लिए मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। रामनगर वार्ड-7 में कुल 58 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जबकि बराखुर्द ग्राम पंचायत में 64.24 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोटों की गिनती आगामी 3 अक्टूबर को होगी, जिसके बाद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

रामनगर वार्ड-7: महिला और पुरुष वोटरों की बराबर भागीदारी
रामनगर जनपद सदस्य वार्ड क्रमांक 07 के अंतर्गत बनाए गए 11 मतदान केंद्रों पर कुल 5,690 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें से 3,300 लोगों ने वोट डाले। आंकड़ों के मुताबिक, चुनाव में आधी आबादी की बराबरी की सहभागिता देखने को मिली। कुल 1,647 महिला और 1,653 पुरुष मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया।

मड़करा केंद्र पर मोबाइल ले जाने पर विवाद
मतदान के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करती रही। मतदान केंद्र क्रमांक 75 (मड़करा) में एक युवक द्वारा पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने पर कुछ देर के लिए बहस व विवाद की स्थिति निर्मित हुई। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में मतदान निर्विघ्न संपन्न हुआ।

बराखुर्द में 64.24% वोटिंग, अधिकारियों ने संभाली कमान
उधर, मैहर जिले की बराखुर्द ग्राम पंचायत के 5 मतदान केंद्रों पर कुल 2,542 मतदाताओं में से 1,633 (828 महिला एवं 808 पुरुष) लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मैहर एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार आरडी साकेत, तहसीलदार अनामिका सिंह, एसडीओपी ख्याति मिश्रा तथा रामनगर टीआई विजय त्रिपाठी दलबल के साथ मैदानी मोर्चे पर मुस्तैद रहे।














