
रिपोर्ट : अवनीश उपाध्याय
आजमगढ़ : कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा पूर्व सीएम अखिलेश यादव के लापता होने का पोस्टर लगाने के बाद सपा भी हमलावर हो गयी है। अखिलेश सरकार में मंत्री रहे राममूर्ति वर्मा ने शनिवार को कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस होशो हवास खो चुकी है। क्योंकि होश में रहने वाला व्यक्ति इस तरह का काम नहीं कर सकता। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को नसीहत दी कि वह अपने वजूद को बचाने के लिए संघर्ष करे।
बता दें कि समाजवादी पार्टी को एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा के नेतृत्व बिलरियागंज जाकर एनआरसी व सीएए को लेकर हुए बवाल में घायल लोगों और आरोपियों के परिवार के लोगों से बात की। जिला मुख्यालय लौटने के बाद जब पूर्व मंत्री को अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर वार की जानकारी हुई तो उन्होंने कांग्रेस पर खुलकर पलटवार किया। मीडिया से बात करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि वैसे तो हम कांग्रेस के बारे में बहुत कुछ बोलना नहीं चाहते। बस इतना ही कहेंगे कि उन्हें अपना वजूद बचाने के लिए काम करना चाहिए। दुर्भाग्य यह है कि कांग्रेस को बीजेपी से लड़ने में डर लगता है इसलिए सपा से लड़ना शुरू कर दिया। रहा सवाल पोस्टर लगाने का तो कांग्रेस के लोगों ने होश खो दिया है क्योंकि होशो हवास में कोई व्यक्ति इस तरह का कृत्य नहीं कर सकता है।
उन्होंने कहा कि हमने बिलरियागंज जाकर देखा है। वहां एकतरफा कार्रवाई की गयी है। एक भी ग्रामीण दोषी नहीं है। भोर में पुलिस वालों ने जिस तरह महिलाओं और बच्चो पर ईट पत्थर चलाया तथा लाठियों से पीटा उससे साफ है कि सबकुछ सत्ता के इशारे पर किया गया। दर्जनों बच्चे ऐसे है जिनकी हाई स्कूल की परीक्षा लेकिन उन्हें या तो बंद कर दिया गया है या फिर एफआईआर दर्ज कर परेशान किया जा रहा है। पुलिस ने 35 नामजद के साथ सौ से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा किया है। अब अज्ञात के नाम पर लोगों के घर में घुसकर उन्हें परेशान कर रही है। हमारे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि एनआरसी और सीएए के खिलाफ सपा लड़ेगी। हम सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। आज हमने जो रिपोर्ट तैयार उसे कल राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगे। इसके बाद उनका जो निर्णय होगा उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।