
रिपोर्ट : अवनीश उपाध्याय
आजमगढ़ : मुबारकपुर थाना क्षेत्र में हो रहे ताबड़तोड़ अपराध के बीच डॉग स्क्वायड टीम में शामिल खोजी कुत्ता फैंटम ने पुलिस की नाकामी पर थोड़ा सा पर्दा डाल दिया है। सोमवार की सुबह तेहरे हत्याकांड से चौतरफा घिरी पुलिस को उस समय बड़ी राहत मिली जब फैंटम ने दो दिन पूर्व पांच वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद की गयी निर्मम हत्या का राज खोल दिया। एसपी ने खुलासा करते हुए बताया कि मकान मालिक के बेटे ने ही मासूम को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और जब उसे लगा कि बच्ची उसे पहचान गयी है तो उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। खुलासे में शामिल डाग स्क्वायड को पांच हजार तथा डाग हैंडर को पांच हजार रूपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बता दें कि मुबारकपुर क्षेत्र के ओझौली गांव निवासी चंद्रिका बांसफोर अपनी पत्नी व बच्चों के साथ क्षेत्र के पिचरी गांव में एक व्यक्ति के मकान के बरामदे में रहकर बांस निर्मित सामान बेचने का कार्य करता है। बीते 21/22 नवंबर की रात वह परिवार सहित बरामदे में सोया था। रात में किसी समय उसके 5 वर्षीय पुत्री को नींद में अगवा कर कुछ दूरी पर स्थित पोखरी पर ले जाया गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी गला घोट कर हत्या कर दी गई। मृत बालिका के गुप्तांग से हो रहे रक्तस्राव को देख दुष्कर्म की आशंका जताई गई। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुबारकपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे एसपी प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह ने घटना का खुलासा करने के लिए सीओ सदर मोहम्मद अकमल खान के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस विवेचना में मृत बालिका के घर आने-जाने वाले पिचरी ग्राम निवासी रामप्रवेश चैहान उर्फ लाला पुत्र महेंद्र चैहान का नाम प्रकाश में आया। घटना के बाद से लुक-छिपकर रह रहे राम प्रकाश उर्फ लाला को पुलिस ने सोमवार की सुबह क्षेत्र के सठियांव चैराहे से हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने जुर्म शिकार करते हुए बताया कि घटना वाली रात वह इब्राहिमपुर गांव की दलित बस्ती में विद्युत सजावट का काम करने गया था। रात में वहां से लौटते समय उसकी कामुक निगाह बरामदे में अपनी मां के साथ सोई बालिका पर पड़ी। आरोपी ने सोई बालिका को चुपके से गोद में उठाया और उसे नजदीक स्थित पोखरे की ओर ले गया। वहां पहले से पड़ी चारपाई पर बालिका को उसने अपनी हवस का शिकार बनाया। बालिका द्वारा पहचान लिए जाने के भय से उसने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया।