
रिपोर्ट : प्रिंस यादव
आजमगढ़ : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लाठीचार्ज में घायल लोगों को कितना न्याय दिला पाएगी यह तो समय बताएगा लेकिन उन्होंने रोड शो के जरिए विपक्ष की टेंशन बढ़ा दी है। खासतौर पर समाजवादी पार्टी की जो लगातार खुद को मुसलमानों का हितैषी बताती रही है लेकिन प्रियंका के आने के बाद लोगों में विरोध भी सर्वाधिक इसी दल का दिखा। वहीं भीड़ ने कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। वहीं प्रियंका के जाने के बाद भी प्रशासन अलर्ट मोड में दिखा और मौलाना जौहर अली पार्क में दोबारा पानी भरवा दिया ताकि लोग चाहकर भी वहां एकत्र न हो पाएं।
बता दें कि बिलिरियागंज में सीएए, एनआरसी के खिलाफ मौलाना जौहर अली पार्क बिलरियागंज में 5/6 फरवरी की रात हुए लाठीचार्ज में घायल महिलाओं से मिलने के लिए बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहुंची थी। जिस तरह कांग्रेस आजमगढ़ में हासिए पर है और पिछले दो दशक में पार्टी का कोई भी प्रत्याशी किसी चुनाव में अपनी जमानत नहीं बचा पाया था उसे यही अंदाजा लगाया जा रहा था कि प्रियंका का कार्यक्रम बहुत अधिक सफल होने वाला नहीं हैं लेकिन प्रियंका ने कांग्रेस ही नहीं बल्कि भीड़ के मामले में विपक्ष का भी रिकार्ड तोड़ दिया।
आजमगढ़ की सीमा में प्रवेश करने के बाद सबसे पहले वे बरदह में रूककर स्कूली बच्चों से मिली फिर आगे के लिए रवाना हुई। बिलरियागंज में सड़कों पर सैलाब सा नजर आया। प्रियंका ने भी इसका पूरा फायदा उठाया और मौलाना जौहर अली पार्क से ब्लाक अध्यक्ष कांग्रेस शेराज अहमद के अहाते तक भीड़ के बीच से होते हुए पैदल गयी। यह अलग बात है कि इस दौरान उन्होंने किसी से मुलाकात नहीं की। यहां तक की पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी नहीं। महिलाओं और बच्चों से मिलने के बाद जब प्रियंका बाहर निकली तो अल्पसंख्यकों की भीड़ ने उन्हें सभा करने के लिए उत्साहित कर दिया। प्रियंका वाहन के छत पर चढ़कर लोगों को संबोधित किया। प्रियंका के संबोधन के द्वारा समर्थक बेकाबू होते दिखे। इसके बाद प्रियंका ने कासिमगंज से अलाउद्दीनपट्टी तक करीब दो किमी रोड शो किया।
प्रियंका गांधी ने लोगों से वादा किया कि न्याय मिलेगा कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। अब प्रियंक गांधी यहां के लोगों को कितना न्याय दिला पाती हैं यह तो समय बताएगा लेकिन प्रिंयका अपनी इस यात्रा से एक तीर से कई शिकार कर गयी। सपा मुखिया अखिलेश यादव सांसद होने के बाद भी यहां अब तक नहीं पहुंचे है और स्थानीय सपा विधायक को लेकर यहा के लोगों में काफी गुस्सा है। ऐसे में प्रियंका यहां पहुंचकर अल्पसंख्यकों के दिल में उतरने में सफल रही हैं। इसका सीधा नुकासान सपा को उठाना पड़ सकता है। कांग्रेसी समर्थन से गदगद हैं । राजनीतिक हल्के में यह चर्चा शुरू हो गयी है कि मृत प्राय हो चुकि कांग्रेस को आजमगढ़ में प्रियंका की यात्रा ने जीवंत कर दिया। वहीं दूसरी तरफ प्रशासन भी भीड़ को देखने के बाद चैकन्ना नजर आया। प्रियंका गांधी के जाते ही मौलाना जौहर अली पार्क में दोबारा पानी भरवा दिया गया। ताकि लोग चाहे भी तो वहां एकत्र न हो सके।