
रिपोर्ट : अवनीश उपाध्याय
सम्भल में दो सिपाहियों को गोली से छलनी कर तीन कैदी फरार हो गए। दोनों पुलिस कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पहुंचे एसपी सम्भल यमुना प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने घटना स्थल व उसके आसपास के इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है। पुलिस फरार कैदियों की तलाश में जुटी है।
कांस्टेबल खूब सिंह के मुताबिक मुरादाबाद जेल में बंद 24 कैदियों को बुधवार को चन्दौसी कोर्ट में पेश करने की जिम्मेदारी मिली थी। इसके तहत पुलिस कर्मी कैदियों को वैन में लेकर चन्दौसी कोर्ट पहुंचे। वहां सभी की पेशी हुई। इसके बाद कैदियों को पुलिस वैन में भरकर मुरादाबाद जेल ले जाया जा रहा था। तब वैन में कुल छह पुलिस कर्मी सवार थे। कैदी वाहन सम्भल के बनियाठेर थाना क्षेत्र स्थित देवाखेड़ा गांव के समीप पहुंचा था। तभी तीन कैदी वैन में मौजूद सिपाहियों से भिड़ गए। उन्होंने सिपाहियों का असलहा छीन लिया। इसके बाद कांस्टेबल हरेंद्र सिंह व ब्रजपाल पर निशाना साधते हुए ताबड़तोड़ फायर झोंका। बदमाशों ने सात से आठ फायर झोंका। खून से लथपथ पुलिस कर्मी मौके पर ही ढेर हो गए। इधर तीनों कैदी वैन का ताला तोड़ फरार हो गए। वह अपने साथ पुलिस का असलहा भी ले गए हैं।
दुस्साहसिक वारदात की जानकारी तत्काल पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी गई। एसपी सम्भल यमुना प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने घटना स्थल व इसके आसपास के इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है। फरार कैदियों की तलाश में क्षेत्र की सघन तलाशी हो रही है।