मैहर/अमरपाटन : मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरा गांव के समीप नेशनल हाईवे-30 पर खड़े एक ट्रेलर से डीजल चोरी करते हुए ग्रामीणों ने एक आरोपी को रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ बोलेरो वाहन से चोरी की नीयत से आया था। ग्रामीणों की सतर्कता और आहट मिलते ही उसके तीनों साथी वाहन लेकर मौके से रफूचक्कर हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।

डीजल टैंक का लॉक तोड़कर निकाल रहा था तेल, ड्राइवर की खुली नींद
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित चालक रामसेवक यादव (58 वर्ष) अपने सहयोगी के साथ ट्रेलर में मशीनरी पार्ट्स लोड करके ले जा रहा था। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात उसने ककरा के पास हाईवे किनारे अपना वाहन खड़ा किया था। बुधवार सुबह करीब 5 बजे अचानक बाहर शोर-शराबा सुनकर रामसेवक की नींद खुली। बाहर आकर देखने पर पता चला कि स्थानीय ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को घेरकर पकड़ा हुआ है, जो ट्रेलर के डीजल टैंक का लॉक तोड़कर गैलन में डीजल उड़ेल रहा था।
अनूपपुर निवासी रोहिणी लोनी गिरफ्तार, गिरोह के फरार साथियों की तलाश जारी
पकड़े गए आरोपी की पहचान 40 वर्षीय रोहिणी लोनी (निवासी सिलपुर, जिला अनूपपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित ड्राइवर रामसेवक यादव की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अमरपाटन थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले इस अंतरप्रांतीय गिरोह के बाकी तीन फरार सदस्यों का सुराग लगाया जा सके।











