मैहर: मैहर जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 पर नरौरा के पास गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा घटित हो गया, जहां एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 5 लोग घायल हो गए। सभी घायल बिहार के गया जी से पितरों का पिंडदान और तर्पण करने के बाद वापस अपने गृह नगर जबलपुर लौट रहे थे। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

हादसे में कार बुरी तरह पिचकी; जबलपुर के ससुर-दामाद समेत 3 गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब नरौरा के पास हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस जा घुसी। बस के ठीक पीछे चल रही कार भी अचानक इस भिड़ंत की चपेट में आ गई, तभी पीछे से आए दूसरे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। लगातार हुई तीन जोरदार टक्करों में कार दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह पिचक गई। हादसे में जबलपुर निवासी नितिन पटेल (34 वर्ष), संजय पटेल (47 वर्ष) और प्रकाश पटेल (62 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घायल आपस में ससुर और दामाद बताए जा रहे हैं।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी पहुंचे सिविल अस्पताल, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मैहर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया। घायलों को 108 एंबुलेंस से मैहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी देर रात सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को समुचित व बेहतर इलाज मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












