हादसा ! एक साथ मां-बेटे ने गवाई जान,मचा कोहराम

0
1406
Advertisement Girl in a jacket

रिपोर्ट : हमीदुल्ला

लालगंज : देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सराय खूरशू गांव में शुक्रवार को दिन में साढ़े तीन बजे दरवाजे पर स्थित पकड़ी के पेड़ की छांव में बैठकर बात कर रहे मां-बेटे को कुचलते हुए बोलेरो पेड़ से टकरा गई। इस दौरान मां-बेटे की मौत हो गई। पेड़ से टकराने से बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि चालक को मामूली चोटें आई हैं। वह पुलिस हिरासत में है। घटना से आक्रोशित गांव के लोग मौके पर सड़क जाम कर दिया था। कोतवाल देवगांव के आश्वासन पर करीब आधा घंटा बाद जाम समाप्त हो गया। मां-बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक अरुण कन्नौजिया (45) पुत्र स्व. मनकू और उसकी मां प्यारी देवी (73) देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सरायखूरशू गांव के निवासी थे। दो भाईयों में बड़ा अरुण चार बेटियों का पिता था। उसके एक बेटी की शादी हो चुकी है। शेष तीन की नहीं हुई है। वह करीब एक माह पूर्व मुंबई से घर आया हुआ था। तरवां-लालगंज मुख्य मार्ग पर स्थित अरुण के दरवाजे के सामने पाकड़ का पेड़ है। जहां भोजन के बाद अरुण अपनी मां के साथ अक्सर पेड़ की छांव में बैठकर बातचीत करता था। शुक्रवार को दिन में साढ़े तीन बजे मां-बेटे पेड़ की छांव में बैठे हुए थे। जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त रहे। तभी पल्हना बाजार की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में सड़क से करीब साढ़े तीन मीटर पटरी की तरफ जाकर मां-बेटे को कुचलते हुए उस पेड़ से टकरा गई। जिसकी छांव में मां-बेटे बैैठे हुए थे। बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। चालक को मामूली चोटें आई। लोग उसे पकड़ लिए और घायलों को तत्काल सीएचसी लालगंज ले गए। इस दौरान अरुण की रास्ते में मौत हो गई। जबकि उसकी मां वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दी। घटना से आक्रोशित लोग मौके पर सड़क जामकर कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब आधा घंटा बाद कोतवाल देवगांव सुनील चंद तिवारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को समाप्त करा दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थी। हादसे में मां-बेटे की मौत से परिवार में जहां कोहराम मचा है। वहीं गांव के लोग भी मर्माहत हैं।