ससुराल पहुंचने से पहले सुखियों में आई दुल्हन ! चर्चाओं का बाजार गरम

0
2553
Advertisement Girl in a jacket

आजमगढ़ ज़िले में अनियंत्रित कार दस फीट गहरे खाई में गिर गई। इस दौरान कार जहां क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार में सवार नवदंपती सहित पांच लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दुल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन और साजो सामान के साथ आटोरिक्शा में बैठकर अपने घर पहुंचा। सकुशल घर पहुंचने पर हर कोई दुल्हन के घर आने का शुभ संकेत दे रहा है।

रानी की सराय थाना क्षेत्र के काशीपुर सिसवा गांव निवासी मनोज कुमार की शादी निजामाबाद थाना क्षेत्र के रघूनाथपुर गांव निवासी कविता के साथ तय थी। कल मनोज अपनी बारात लेकर कविता के घर पहुंचा। शादी संपन्न होने के बाद आज कविता की विदाई हो गई। कार में मनोज उसकी पत्नी कविता के अलावा आठ वर्षीय बालिका प्रतीभा, वीडियो रिकार्डिंग करने वाला चंदन कार में बैठकर घर आ रहे थे कि कार चालक रानी की सराय थाने के ऊंची गोदाम बाजार में गाड़ी रोका और पानी पीने के बहाने ठेके पर जाकर शराब पी लिया। इसकी जानकारी तब हुई जब वह गाड़ी को तेज गति से चलाने लगा। कार की गति तेज होने पर धीमा चलने को कहा गया, लेकिन वह कुछ नहीं सुना।

परिणाम रहा कि अनियंत्रित कार रानी की सराय थाने के शाहपुलिया के पास दस फीट से अधिक गहरी खाई में गिर गई। कार का पहिया ऊपर हो जाने से दरवाजा नहीं खुल रहा था। घटना के बाद हड़कंप मच गया। मौका पाकर चालक फरार हो गया। जबकि दुल्हा, दुल्हन सहित अन्य फंसकर चिल्ला रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। इस दौरान सभी को मामूली चोटें आई। घटना के बाद मनोज अपनी पत्नी सहित मौजूद अन्य लोगों के साथ सामान के साथ आटोरिक्शा में लादकर किसी तरह से घर पहुंचा। घटना के बाद उसके दरवाजे पर लोगों की भीड़ जुट गई। हर कोई कविता के ससुराल में पड़ने वाले कदम को शुभ मान रहा था। लोगों का कहना है कि कविता के भाग्य से ही सभी लोग बाल-बाल बच गए, अन्यथा आज स्थिति कुछ और होती।