
रिपोर्ट : पितेश्वर कुमार
आजमगढ़ : छोटी-छोटी समस्याओं से निजात पाने के लिए अब थानों का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा। बल्कि आप अपने एनड्राएड सेट के जरिए पुलिस का यूपी काप एप डाउनलोड कर आनलाइन शिकायत कर सकते हैं। पुलिस इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए आपको चुटकी में समस्याओं से निजात दिलाएगी। गुरुवार को इस एप के विषय में लोगों को खास जानकारी देने के लिए शहर के पहाड़पुर पुलिस चौकी के पास जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें एसपी त्रिवेणी सिंह द्वारा लोगों को महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि यूपी काप एप की मदद से लोग घर बैठे ही ना केवल अपनी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। बल्कि 27 अन्य तरह की सुविधाओं का भी लाभ उठा सकते हैं। एसपी ने बताया कि प्रदेश पुलिस की तरफ से यह एप लांच किया गया है। इसे कोई भी अपने स्मार्ट फोन पर प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है। इसके जरिए चोरी, कागजातों का सत्यापन, किसी कार्यक्रम के लिए अनुमति, लूट, स्नैचिंग, नकबजनी, गुमशुदगी, डकैती, साइबर क्राइम से जुड़ी समस्याओं की शिकायत कर सकते हैं। आनलाइन इस एप के जरिए शिकायत मिलते ही संबंधित पुलिस तुरंत सक्रिय हो जाएगी और जल्द से जल्द आपको समस्या से छुटकारा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। एसपी ने बताया कि इस एप के जरिए शिकायत करते ही तुरंत संबंधित थानाध्यक्ष को मैसेज पहुंच जाएगा। वह तत्काल समस्या के समाधान में जुट जाएगा। छुटकारा पाने के लिए थानों का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा।
एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि एप डाउनलोड करने के लिए एंड्रायड मोबाइल फोन के प्ले स्टोर पर यूपी काप सर्च करना होगा। डाउनलोड होने के बाद ऐप पर शिकायतकर्ता को अपना रजिट्रेशन कराना होगा। इससे उसकी सेल्फ आईडी बन जाएगी। आईडी बनाने के लिए पीडि़त को अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आदि का डाटा फीड करना होगा। आईडी क्रिएट होने के बाद इसे लागिन किया जा सकता है।