
रिपोर्ट : प्रिंस यादव
आजमगढ़ : निजामाबाद थाना क्षेत्र के तिलहुआ गांव में घर के बाहर के बाहर लकड़ी के तख्त पर लेटकर फोन पर अपनी बड़ी बहन से बात करते समय सीने में गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। गोली की आवाज सुनकर बहन ने घर वालों को सूचना दी तो सभी को जानकारी हुई। सूचना मिलने पर रात को ही सीओ सदर और निजामाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस गुत्थी सुलझाने में जुट गई। घटना के संबंध में मृत युवक के बड़ी मां नर्मदा सिंह ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवां कला गांव निवासी दीपक सिंह को आरोपित किया है।
मृतक युवक विनोद सिंह (26) पुत्र कैलाश सिंह निजामाबाद थाना क्षेत्र के तिलहुआ गांव का निवासी था। 12 जून को विनोद की छोटी बहन की शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह अपने मां-बाप के साथ पंजाब से घर आया था। शादी संपन्न होने के बाद माता-पिता पंजाब चले गए। जबकि विनोद घर पर रुक गया था। विनोद के चचेरे भाई तीन बच्चों का पिता संतोष सिंह लूट के मामले में साल 2012 से जेल में है। 15 जुलाई को संतोष की पत्नी बच्चों को छोड़कर कहीं चली गई। परिवार के लोग इसके लिए देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवांकला गांव निवासी संतोष के मित्र दीपक सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में तहरीर दिए हैं। बुधवार को परिवार में विनोद के अलावा उसके चचेरे भाई संतोष की मां नर्मदा देवी, उसके बच्चे, बूढ़े चाचा मुसाफिर सिंह, संतोष की बहन सरोज के अलावा मऊ जिले के रहने वाले एक अधिवक्ता मौजूद रहे। रात करीब दस बजे सभी लोग भोजन कर रहे थे। जबकि विनोद दरवाजे के बाहर स्थित शौचालय चला गया। बाहर निकलने के बाद शौचालय के पास रखी गई लकड़ी के तख्त पर लेटकर फोन से संतोष की बड़ी बहन मुगलसराय की रहने वाली सरिता से बात करने लगा। 10.35 बजे के करीब किसी ने विनोद के सीने में सटाकर गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज और विनोद की बात बंद होने पर सरिता ने फोन कर घर पर मौजूद अपनी बहन सरोज को फोन कर दरवाजे के बाहर देखने को कही, तब जाकर लोगों को जानकारी हुई। घटना के बाद सरोज और घर पर मौजूद वकील सहित अन्य लोग एबुलेंस बुलाकर पीएचसी मोहम्मदपुर ले गए। वहां के डाक्टर ने करीब 11 बजे फोन कर गंभीरपुर थाने की पुलिस को सूचना दी, तब जाकर लोगों को जानकारी हुई। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि विनोद की बड़ी मां नर्मदा सिंह की तहरीर के आधार पर दीपक सिंह के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के दौरान कई शक पैदा करने वाले तथ्यों की जानकारी हुई है। सभी पहलुओं पर गौर करते हुए गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा।